Jammu: संजय नगर सड़क बनी राजनीति का अखाड़ा, कांग्रेस कारपोरेटर का हुआ विरोध तो भाजपा नेता कर गए उद्धाटन
शहर के संजय नगर के सेक्टर तीन रानी तालाब की सड़क राजनीति का अखाड़ा बन गई। सोमवार को इस सड़क का मरम्मत कार्य शुरू हुआ तो पहले स्थानीय कांग्रेस कोरपोरेटर द्वारका चाैधरी उसका फीता काटने पहुंच गए। लोगों ने जब कोरपोरेटर का विराेध कर उन्हें वहां से वापस भेजा तो कुछ देर बाद गांधी नगर के पूर्व भाजपा विधायक कविंद्र गुप्ता व पूर्व एमएलसी विक्रम रंधावा वहां पहुंच गए। लोगों के विरोध के बावजूद वे निर्माण कार्य का उद्धाटन कर वहां से चले गए।
उधर स्थानीय लोगों का आरोप था कि जब तक इस सड़क की मरम्मत शुरू नहीं हुई तो उस समय तक यहां पर कोई नेता, विधायक नहीं देख और कुछ युवाओं ने सड़क मरम्मत के लिए हस्ताक्षर अभियान चला एक्सइएन को ज्ञापन सौंप मरम्मत कार्य शुरू करवाया तो अब नेता इसका श्रेय लेने के लिए यहां पहुंचने लगे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना था कि वे वर्ष 2018 से इस सड़क की मरम्मत की मांग कर रहे थे। कई बार वे कांग्रेस के स्थानीय कारपोरेटर द्वारका चाैधरी और भाजपा के नेताओं के पास भी अपनी समस्या को लेकर जा चुके हैं। उन्हें हर बार नेताओं से उन्हें आश्वासन ही मिले लेकिन कोई काम नहीं हुआ। वहीं लोगों का कहना था कि वे खुद इस सड़क की मरम्मत के लिए एक्सइएन के पास गए थे। उनके प्रयासों से सड़क की मरम्मत का काम शुरू हो पाया।
वहीं कारपोरेटर द्वारका चाैधरी का कहना था कि वे महीने पहले कुछ लोगों को लेकर एक्सइएन के पास गए थे। उन्होंने चेतावनी दी थी कि अगर सड़क का काम शुरू नहीं करवाया गया तो वे धरना दे देंगे। एक्सइएन ने उनसे सड़क मरम्मत का काम शुरू करवाने के लिए एक महीने की मौहलत मांगी थी। अब जब काम शुरु हुआ तो एक्सइएन ने खुद ही उन्हें यहां पर बुलाया था।
उधर पूर्व विधायक कविंद्र गुप्ता का कहना था कि उन्होंने हमेशा ही विकास कार्यों को तरजीह दी है। वह राजनीति नहीं करते बल्कि काम करते हैं। वहीं पूर्व एमएलसी विक्रम रंधावा का भी कहना था कि भाजपा के प्रयासों से ही विकास कार्यों में तेजी आई है।